ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ भाजपा में जल्द होगा संगठन विस्तार, प्रदेश अध्यक्ष ने दिए संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय दिल्ली के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए सिंह देव ने बताया कि दिल्ली में भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें वे शामिल होंगे। उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन का विस्तार किया जाएगा।

प्रदेश में भाजपा संगठन के कई पद रिक्त हैं और विधानसभा चुनाव के बाद संगठन में नए चेहरों को शामिल करने की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। अब खुद प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि जल्द ही नए पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।

इस बीच भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत की सदस्यता पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। रवि भगत द्वारा सोशल मीडिया पर डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) फंड को लेकर सरकार से सार्वजनिक अपील करने के मामले में पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा था।

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि नोटिस का जवाब अब तक नहीं मिला है। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया, तो रवि भगत की प्राथमिक सदस्यता रद्द की जा सकती है। गौरतलब है कि रवि भगत ने एक वीडियो में सरकार से अपील की थी कि डीएमएफ फंड गांवों में सड़क, पानी और अन्य विकास कार्यों पर खर्च किया जाए। पार्टी इसे संगठन अनुशासन के विरुद्ध मान रही है।

Related Articles

Back to top button