ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर सीएम साय ने अर्पित की श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को उनकी पुण्यतिथि (27 जुलाई) पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भारत का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन देशभक्ति, विज्ञान और प्रेरणा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने वैज्ञानिक कार्यों के माध्यम से भारत को रक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पोखरण परमाणु परीक्षणों से लेकर मिसाइल विकास कार्यक्रम तक, उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन संघर्षों से भरा था, लेकिन उन्होंने हर कठिनाई को अपनी ताकत बनाया। एक सामान्य मछुआरे के बेटे से लेकर देश के सर्वोच्च पद, राष्ट्रपति तक का उनका सफर, इस बात का प्रमाण है कि ज्ञान, अनुशासन और संकल्प से कोई भी व्यक्ति बड़े सपने पूरे कर सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. कलाम के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में कलाम जी के दिखाए मार्ग पर चलना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे डॉ. कलाम की सोच से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उनका जीवन आज भी हर भारतीय के लिए आदर्श है।

Related Articles

Back to top button