भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को पाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ का विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है और उसके हर बिंदु पर कार्रवाई हो रही है।

मुख्यमंत्री बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रजक युवा गाडगे सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संत गाडगे महाराज की पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और रजक समाज के प्रतिभाशाली छात्रों, समाजसेवियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है। रोजगार, सामाजिक विकास और आत्मनिर्भरता के लिए शिक्षा जरूरी है। उन्होंने रजक समाज की सेवा भावना की सराहना की और बताया कि इस समाज के बिना कई परंपराएं पूरी नहीं हो सकतीं। राज्य सरकार ने रजककार विकास बोर्ड का गठन किया है, ताकि उनके पुश्तैनी व्यवसाय को बढ़ावा दिया जा सके। उन्हें सस्ते ऋण की सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग बनाया है और अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन की जा चुकी हैं।
धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल में, तेन्दूपत्ता की खरीदी 5500 रुपये प्रति बोरा में की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह 1000 रुपये मिल रहे हैं।
नई उद्योग नीति के तहत 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। डेढ़ साल में 10 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हैं और शिक्षकों की भर्ती जल्द होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रहलाद रजक ने की और संचालन रजनी रजक ने किया। कई जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।