सीएम साय से केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की सौजन्य मुलाकात, महिलाओं से संबंधित योजनाओं पर की चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के समग्र विकास के संकल्प के तहत महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित बीजापुर, सुकमा, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में “नियद नेल्लानार योजना” के अंतर्गत 159 आंगनबाड़ी केंद्रों का सफल संचालन किया जा रहा है। यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मार्च 2024 से जून 2025 तक 70 लाख से अधिक महिलाओं को 10,431.30 करोड़ की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सावित्री ठाकुर को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा भी उपस्थित रहीं। यह मुलाकात महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग का प्रतीक रही।