छत्तीसगढ़ में 33 जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट, मानसून की रफ्तार दो दिन रहेगी धीमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार रविवार को थोड़ी धीमी पड़ी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मानसून की गति में यही मंदी बनी रहेगी। फिलहाल प्रदेश के सभी 33 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले छह दिनों में राज्य में औसतन 22.69 मिमी बारिश हुई है, लेकिन रविवार को सिर्फ 6 जिलों के 11 स्थानों पर ही बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में सबसे अधिक 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश की कमी के चलते तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.4°C और जगदलपुर व पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4°C दर्ज किया गया। इस बीच सरगुजा के ढोड़ागांव में मैनी नदी की बाढ़ में बहने से मां-बेटे समेत चार लोग लापता हो गए थे। इनमें से एक महिला सोमारी का शव बरामद हुआ है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। ये सभी पुटू (मशरूम) बीनने के बाद लौटते वक्त बह गए थे।
राज्य में जून में अब तक केवल 41.0 मिमी औसत वर्षा हुई है, जबकि सामान्य औसत 81.0 मिमी मानी जाती है। 26 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है। बलरामपुर और दंतेवाड़ा को छोड़ अधिकांश जिलों में बारिश की मात्रा औसत से नीचे है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सिस्टम बनेंगे, जिससे मानसून की गति दोबारा तेज होगी।