20 राज्यों में बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में हीट वेव का कहर

दिल्ली। देश के 20 राज्यों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी परेशान करेगी। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में लू चलने की संभावना है। बिहार के 23 और यूपी के 19 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को बिहार का रोहतास जिला सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
जल्द आ सकता है मानसून
मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है और 27 मई को केरल पहुंचेगा। यानी मानसून आने में अब सिर्फ 12 दिन बाकी हैं। मंगलवार को यह मानसून निकोबार द्वीप तक पहुंच चुका था, जो आमतौर पर 22 मई को आता है। इस बार मानसून 9 दिन पहले पहुंचा है।
राज्यवार मौसम का हाल
- हिमाचल प्रदेश: अगले 5 दिन मौसम साफ रहेगा। 8 शहरों में तापमान 35°C से ऊपर पहुंच चुका है। 19 मई को फिर से बारिश हो सकती है।
- राजस्थान: आज लू चल सकती है। श्रीगंगानगर और बीकानेर में लू के साथ 17 मई को आंधी-बारिश की संभावना है।
- मध्य प्रदेश: 18 मई तक तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। इंदौर, उज्जैन समेत 27 जिलों में मौसम बदला रहेगा।
- बिहार: 23 जिलों में हीट वेव का अलर्ट। सहरसा, कटिहार और सुपौल सहित 7 शहरों में बारिश हो सकती है।
- उत्तर प्रदेश: 19 जिलों में लू का खतरा। अगले 2 दिन में कुछ जगहों पर तापमान 44°C पार कर सकता है। 16 मई के बाद मौसम में बदलाव संभव।
- हरियाणा: आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 16 से 18 मई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।