कतर के शेख तमीम 2 दिन की भारत यात्रा पर; राष्ट्रपति भवन में होगा स्टेट डिनर, पीएम होंगे शामिल

दिल्ली। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी आज भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे, और उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में स्टेट डिनर आयोजित किया जाएगा। कतर के अमीर 17 फरवरी को दो दिन की भारत यात्रा पर पहुंचे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर जाकर उन्हें स्वागत किया। इस मौके पर विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद थे।
भारत-कतर रिश्तों को मजबूत करने का उद्देश्य
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करना है। भारत और कतर के बीच कई अहम समझौतों पर बातचीत हो रही है। हाल ही में, दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए दो MOU (समझौता ज्ञापन) पर साइन हुए हैं।
भारत और कतर के व्यापार संबंध
भारत और कतर के बीच 2023-24 में 14.04 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था। हालांकि, भारत का कतर के साथ व्यापार घाटा बढ़ा है, क्योंकि भारत कतर से 12.34 अरब डॉलर का सामान खरीदता है और कतर भारत से केवल 1.70 अरब डॉलर का सामान खरीदता है।
कतर भारत के लिए अहम साझेदार
कतर, भारत का सबसे बड़ा LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) सप्लायर है। भारत की 50% LNG की जरूरत कतर से पूरी होती है। इसके अलावा, कतर, भारत को 30% LPG भी उपलब्ध कराता है। भारत के लिए कतर का यह सहयोग महत्वपूर्ण है, खासकर अमेरिका और यूरोप में अनिश्चितता के चलते।
कतर में भारतीय कंपनियों की मौजूदगी
कतर में 15 हजार से अधिक भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं। इनमें लार्सन एंड टुब्रो, टीसीएस, और महिंद्रा जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा, कतर में लगभग 8 लाख 35 हजार भारतीय नागरिक कार्यरत हैं।
भारत-कतर संबंधों में तनाव
साल 2022 में भारत-कतर के बीच तनाव बढ़ गया था, जब बीजेपी की प्रवक्ता नुपूर शर्मा ने एक विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद कतर ने भारत सरकार से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा था। अब कतर के साथ भारत के रिश्तों को सुधारने और आगे बढ़ाने की दिशा में यह यात्रा अहम साबित हो सकती है।