StateNewsदेश - विदेश

कर्नाटक के 91 प्रतिशत लोगों को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा, राहुल के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार की एक एजेंसी द्वारा कराए गए सर्वे में दावा किया गया है कि राज्य के 91 प्रतिशत नागरिक भारत में होने वाले चुनावों को स्वतंत्र और निष्पक्ष मानते हैं।

यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा पर “वोट चोरी” के आरोप लगा रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है।

यह अध्ययन कर्नाटक मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अथॉरिटी (KMEA) द्वारा किया गया है, जिसका शीर्षक “लोकसभा चुनाव 2024: नागरिकों के ज्ञान, दृष्टिकोण और व्यवहार का आकलन” है।

यह सर्वे अगस्त 2025 में कराया गया था और हाल ही में सार्वजनिक किया गया है। सर्वे में राज्य के 34 जिलों के 102 विधानसभा क्षेत्रों से 5,100 मतदाताओं को शामिल किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, 91.31% लोगों ने माना कि देश में चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होते हैं। वहीं, 69.39% लोगों ने ईवीएम पर भरोसा जताया और 14.22% ने पूरी सहमति दी कि मशीनें सही नतीजे देती हैं।

सबसे ज्यादा भरोसा कलबुर्गी डिवीजन में देखा गया, जहां 84.67% लोगों ने चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा जताया।

भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने इस रिपोर्ट को राहुल गांधी के आरोपों का जवाब बताते हुए कहा कि जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा करती है, जबकि कांग्रेस बार-बार संदेह पैदा कर रही है।

सर्वे में यह भी सामने आया कि करीब 44.90% लोगों को लगता है कि चुनावों में पैसे का इस्तेमाल बढ़ रहा है। वहीं 16% से अधिक मतदाताओं ने माना कि उन्हें कभी न कभी वोट के बदले प्रलोभन देने की कोशिश की गई।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 18 सितंबर को कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे।

हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी और पारदर्शी होती है। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब देश में चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस तेज होती जा रही है।

Related Articles

Back to top button