राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बने रेलवे ओवरब्रिज पहली ही बारिश में खराब हो गए। बरगा रेलवे ओवरब्रिज में करीब 60 से 70 फीट लंबी और 10 से 12 सेंटीमीटर चौड़ी दरार पड़ गई, जिसके बाद पुल दो हिस्सों में बंटता नजर आया। खास बात यह है कि इस ओवरब्रिज का लोकार्पण महज 15 दिन पहले ही किया गया था।
राजनांदगांव और डोंगरगढ़ के बीच बरगा और आलीवारा में करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से दो रेलवे ओवरब्रिज बनाए गए हैं। दोनों पुलों को जून महीने में आम लोगों के लिए खोला गया था। लेकिन पहली तेज बारिश ने ही निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बरगा रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार सुबह बारिश के बाद सड़क का हिस्सा अचानक फट गया। पुल के बीचों-बीच आई बड़ी दरार को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है या फिर पुल की नींव को मजबूत तरीके से तैयार नहीं किया गया।
वहीं, आलीवारा रेलवे ओवरब्रिज की हालत भी खराब हो गई है। यहां सड़क का हिस्सा बारिश के पानी में बह गया, किनारे की बाउंड्री टूट गई और कई जगह पुल का बेस धंस गया। सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित हिस्सों में बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने पुल की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन भी किया। उनका आरोप है कि सूचना देने के बाद भी रेलवे और प्रशासन के अधिकारी समय पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचे।
मामले पर रेलवे अधिकारियों ने जांच की बात कही है। असिस्टेंट इंजीनियर मिथिलेश कुमार ने बताया कि टेक्निकल टीम मौके पर जाकर पुल की स्थिति का निरीक्षण करेगी और रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इधर, कोरबा जिले के भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला पर बनी करोड़ों रुपए की पुलिया भी पहली बारिश में टूट गई। तेज बहाव के कारण पुलिया का एक हिस्सा बह गया, जिससे सड़क पर गड्ढे बन गए और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
