ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM काफिले में 6 नई बुलेटप्रूफ गाड़ियां शामिल: फॉर्च्यूनर की जगह स्कॉर्पियो, बोले—पुरानी गाड़ियां रास्ते में हो जाती थीं बंद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक उपयोग में रही Toyota Fortuner गाड़ियों की जगह 6 नई बुलेटप्रूफ Mahindra Scorpio को शामिल किया गया है। राजधानी में भाजपा कार्यालय पहुंचने के दौरान यह नया काफिला चर्चा का केंद्र बना रहा।

बताया जा रहा है कि ये सभी नई गाड़ियां आधुनिक सुरक्षा फीचर्स से लैस हैं और खास तौर पर वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। करीब ढाई साल बाद काफिले में हुए इस बदलाव ने नेताओं और कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। भाजपा कार्यालय के बाहर मौजूद लोगों में नई गाड़ियों को लेकर उत्सुकता देखी गई।

इस बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने खुद वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि पूर्व में उपयोग में रही फॉर्च्यूनर गाड़ियां काफी समय से चल रही थीं और कई बार दौरे के दौरान बीच रास्ते में बंद हो जाती थीं। इससे सुरक्षा और आवागमन दोनों प्रभावित होते थे। इसी समस्या को देखते हुए नई गाड़ियों को काफिले में शामिल करने का फैसला लिया गया।

नई स्कॉर्पियो गाड़ियां पूरी तरह बुलेटप्रूफ हैं। इन्हें मजबूत बैलिस्टिक स्टील से तैयार किया गया है, जिससे गोलियों और विस्फोटों का असर कम हो सके। गाड़ियों की खिड़कियों में मोटे मल्टी-लेयर ग्लास लगाए गए हैं, जो अत्याधुनिक हथियारों तक का सामना करने में सक्षम बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा इन गाड़ियों में एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), ऑटोमैटिक ब्रेकिंग, लेन असिस्ट और सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। काफिले में चलने के दौरान गाड़ियों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में भी यह तकनीक मददगार है। सुरक्षा के लिहाज से इनमें 6 एयरबैग और हाई पावर इंजन भी मौजूद है।

अधिकारियों का मानना है कि नई गाड़ियों के शामिल होने से मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत होगी, साथ ही लंबी दूरी के दौरे अब अधिक सुगम और सुरक्षित तरीके से पूरे किए जा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button