राष्ट्रपति मुर्मु से मिले छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकार: कोंडागांव और रायगढ़ के कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान, दिखाई अपनी पारंपरिक कला

बस्तर की ढोकरा कला को मिली राष्ट्रीय पहचान; पीढ़ियों से धातु पर उकेर रहे जनजातीय संस्कृति और लोकजीवन की छाप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल कला सोमवार को राष्ट्रपति भवन तक पहुंची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। पीढ़ियों से ढोकरा और बेलमेटल शिल्प को जीवित रख रहे इन कलाकारों के लिए यह खास अवसर रहा। राष्ट्रपति से मुलाकात के जरिए प्रदेश की जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक कारीगरी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

राष्ट्रपति ने खुद जताई थी मिलने की इच्छा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड में पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा जताई थी। इसी के बाद कलाकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा। इस दौरान छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।

धातु की आकृतियों में दिखती है बस्तर की संस्कृति

छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, खासकर बस्तर की ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इसमें धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को आकार दिया जाता है। इन कलाकृतियों में जनजातीय जीवन, मान्यताओं और संस्कृति की झलक दिखाई देती है।

कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं। पारंपरिक ज्ञान और हुनर के सहारे वे आज भी इस विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।

राष्ट्रपति भवन में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 शिल्पकारों की यह मुलाकात प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा को देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

↑
Exit mobile version