जशपुर के 5 आदिवासी युवा बनेंगे इंटरनेशनल रॉक क्लाइंबिंग गाइड, दिसंबर में बेंगलुरु में ट्रेनिंग

अमेरिकी संस्था PCGI के कार्यक्रम में होगा चयन; अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन मिलने से जिले में बढ़ेंगे एडवेंचर टूरिज्म और रोजगार के अवसर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रॉक क्लाइंबिंग गाइड के रूप में पहचान बनाने जा रहे हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में होने वाले प्रशिक्षण में उन्हें रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित होगा। प्रशिक्षण और मूल्यांकन पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। इससे जशपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित गाइडों की टीम तैयार होगी और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

2024 में शुरू हुई थी पहल

जिले में स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का शुरुआती प्रशिक्षण दिया। लगातार अभ्यास और मार्गदर्शन से युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई।

वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर नया चढ़ाई मार्ग बनाया। इसका नाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि समुदाय की भागीदारी और प्रशासनिक सहयोग से जशपुर को वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण से स्थानीय युवा पेशेवर गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी बन सकेंगे।

जशपुर की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र और जनजातीय संस्कृति साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन की संभावनाएं रखते हैं। होमस्टे, मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और स्थानीय परंपराओं से जुड़े अनुभवों को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

↑
Exit mobile version