मुंबई। बॉलीवुड में अपनी दमदार अदाकारी और आंखों से भावनाएं बयां करने के लिए मशहूर अभिनेत्री तब्बू 4 नवंबर को 55 साल की हो गईं। करीब चार दशक के करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से लेकर पद्मश्री तक हासिल किया।
लेकिन उनकी निजी जिंदगी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी। तीन साल की उम्र में माता-पिता का तलाक हो गया। संजय कपूर, साजिद नाडियाडवाला और नागार्जुन के साथ उनके रिश्तों की चर्चा रही। वहीं, काले हिरण शिकार मामले में भी उन्हें लंबे समय तक कानूनी विवाद का सामना करना पड़ा।
जन्मदिन पर जानते हैं तब्बू की जिंदगी के पांच चर्चित पहलू…
1. तीन साल की उम्र में माता-पिता का तलाक, पिता से कभी नहीं मिला जुड़ाव
तब्बू का जन्म 4 नवंबर 1971 को हैदराबाद में हुआ था। जब वह तीन साल की थीं, तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया। इसके बाद उनकी परवरिश मां रिजवाना और नाना-नानी ने की। पिता जमाल हाशमी से उनका संपर्क नहीं रहा।
सिमी ग्रेवाल के शो में तब्बू ने बताया था कि उन्होंने पिता को कभी नहीं देखा और उनसे मिलने की इच्छा भी नहीं हुई। स्कूल में उनका सरनेम फातिमा था और उन्होंने पिता का सरनेम हाशमी नहीं लगाया। तब्बू ने कहा था कि वह अपने बचपन और परिवार के साथ बिताए समय से खुश हैं।
2. संजय कपूर को डेट किया, फिल्म खत्म होते-होते बातचीत बंद
तब्बू और अभिनेता संजय कपूर की नजदीकियां फिल्म ‘प्रेम’ की शूटिंग के दौरान बढ़ीं। संजय ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि वह फिल्म की शुरुआत में तब्बू को डेट कर रहे थे, लेकिन शूटिंग खत्म होते-होते दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। फिल्म बनने में करीब छह साल लगे थे।
3. साजिद नाडियाडवाला से रिश्ते की बात कबूली
तब्बू का नाम फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला से भी जुड़ा। 1997 में रेडिफ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया था कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि, उस समय उन्होंने शादी की कोई योजना नहीं बताई थी। बाद में दोनों का रिश्ता दोस्ती तक सिमट गया। साजिद ने 2011 में भी तब्बू को अपना अच्छा दोस्त बताया था।
4. नागार्जुन से करीब एक दशक तक जुड़ा नाम
साउथ के सुपरस्टार नागार्जुन के साथ तब्बू के रिश्ते की चर्चा कई साल तक रही। 2007 में ‘कॉफी विद करण’ शो में तब्बू ने नागार्जुन को अपनी जिंदगी के सबसे करीबी लोगों में से एक बताया था। उन्होंने कहा था कि यह रिश्ता खास है और इसे कोई नाम नहीं दे सकतीं। नागार्जुन ने 2017 में भी तब्बू को अपनी अच्छी दोस्त बताया था। हालांकि, दोनों ने रिश्ते को लेकर कभी खुलकर पुष्टि नहीं की।
5. काले हिरण केस में करीब दो दशक तक चला कानूनी विवाद
1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया। इसमें सलमान खान के साथ तब्बू, सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे और नीलम भी आरोपी बनाई गईं। 5 अप्रैल 2018 को अदालत ने तब्बू समेत चारों कलाकारों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। मई 2025 में राजस्थान सरकार ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी।
अकेले रहने को नहीं मानतीं कमजोरी
तब्बू ने 2019 में एक इंटरव्यू में कहा था कि सिंगल होना बुरी बात नहीं है। गलत पार्टनर के साथ रहने से बेहतर अकेले रहना है। उनका मानना है कि रिश्ते ऐसे होने चाहिए, जिनमें दोनों को आगे बढ़ने की आजादी मिले।
निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बीच तब्बू ने ‘माचिस’, ‘विरासत’, ‘चांदनी बार’, ‘मकबूल’, ‘हैदर’, ‘दृश्यम’ और ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और 2011 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
