लखनऊ में 5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, 50 हजार से ज्यादा घरों में पानी; राजस्थान-पंजाब में बारिश-ओले का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 15 दिनों से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। यहां 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा परेशानी फैजुल्लागंज इलाके में है, जहां 50 से 60 हजार से अधिक घर आधे से ज्यादा पानी में डूबे हुए हैं। कुछ इलाकों में जलस्तर घटा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। कई सड़कों पर पानी भरने के कारण नावों से आवाजाही करनी पड़ रही है।
वहीं, राजस्थान में बुधवार से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से 16 अक्टूबर तक राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर को 5 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में बर्फबारी, 7 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के 7 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के 9 जिलों में बारिश के आसार
उत्तराखंड में बुधवार को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है। राज्य के 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल रहा है।
पंजाब-चंडीगढ़ में दो दिन बारिश की संभावना
पंजाब और चंडीगढ़ में भी बुधवार से दो दिन तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव के चलते कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





