वर्धा-राजनांदगांव में 45°C तापमान: छत्तीसगढ़-ओडिशा-झारखंड में रात में भी लू का अलर्ट, लगातार तीसरे दिन 40°C पार

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अप्रैल में ही मई-जून जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के वर्धा और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान 45°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे ऊंचे स्तरों में शामिल है। मध्य भारत और उत्तर-पश्चिमी राज्यों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।

देश के 10 सबसे गर्म शहरों में यूपी का बांदा 44.6°C, तेलंगाना का आदिलाबाद 44.3°C, महाराष्ट्र के नागपुर और अमरावती 44.2°C और मध्य प्रदेश का रतलाम 44°C दर्ज किया गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पारा 43°C के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में दिन के साथ-साथ रात में भी लू चलने की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में लगातार तीसरे दिन तापमान 40°C से ऊपर बना हुआ है, जिससे ‘नाइट हीटवेव’ जैसी स्थिति बन रही है। यह स्थिति खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों के लिए खतरनाक मानी जा रही है।

भीषण गर्मी के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। झारखंड के रांची में चिड़ियाघरों में जानवरों के लिए कूलर लगाए गए हैं, जबकि ओडिशा के 9 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई राज्यों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिख रहा है।

हालांकि पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम का अलग ही मिजाज है। बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। लोगों को धूप में निकलने से बचने, पानी अधिक पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version