ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में 24 घंटे में चाकूबाजी की 4 वारदातें: इफ्तारी के दौरान हमला, दो पक्षों में पथराव और गैंगवार से दहला शहर

रायपुर। रायपुर में बीते 24 घंटे अपराध के लिहाज से बेहद तनावपूर्ण रहे। शहर के चार अलग-अलग इलाकों मौदहापारा, गांधी नगर, इंद्रप्रस्थ और डबरापारा में चाकूबाजी की घटनाएं हुईं, जिनमें 8 लोग घायल हो गए। सबसे गंभीर स्थिति मौदहापारा में बनी, जहां दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष के बाद जमकर पथराव हुआ।

सोमवार शाम मौदहापारा निवासी मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर रवि रक्सेल और उसके साथियों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और मरही माता मंदिर के पास दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद तीन थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने इस मामले में रवि रक्सेल समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की जंग

जांच में सामने आया कि यह हमला सालभर पुराने विवाद का बदला था। पिछले साल रमजान के दौरान ही अल्ताफ ने रवि पर हमला किया था, जिसका बदला लेने के लिए सोमवार को वारदात को अंजाम दिया गया। उधर, बजरंग दल ने भी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।

शहर के अन्य इलाकों का हाल

रविवार रात कुख्यात अपराधी रवि साहू और मुकेश बनिया के गुर्गों के बीच गांजा तस्करी के वर्चस्व को लेकर गैंगवार हुआ, जिसमें अभिषेक सोनी पर चाकू से हमला किया गया।

तेज आवाज में गाना बजाने के विवाद पर कुछ लोगों ने शौर्यन ठावरे के घर में घुसकर चाकूबाजी की। पुरानी रंजिश के चलते प्रॉपर्टी डीलर राज वर्मा पर राजा यादव ने हमला कर दिया, जिनका इलाज एम्स में जारी है।

एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर कुल 8 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात है।

Related Articles

Back to top button