Chhattisgarh

महिला दिवस: सीएम साय ने महिला पत्रकारों का किया सम्मान, मुख्यमंत्री के साथ लंच और सेल्फी भी ली

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ कार्यक्रम में महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने मीडिया में महिलाओं की भूमिका, उनके अनुभव और चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार राजनीति, अपराध, खेल सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं, यदि उन्हें समान अवसर मिलें।

कार्यक्रम में महिला पत्रकारों ने कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों की सराहना की, जो उन्हें घर से दूर भी सुरक्षित वातावरण प्रदान करेंगे। उन्होंने पत्रकारों की सम्मान निधि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, इसे पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस सम्मान समारोह पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाएँ समाज निर्माण की सशक्त धुरी हैं, और महिला पत्रकार अपनी लेखनी से सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के साथ लंच किया और सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने भविष्य में महिला पत्रकारों के लिए नई योजनाओं पर विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button