रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से प्रदेशभर में त्योहार की खुशियां बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि महिलाओं के लिए आर्थिक सहारे के साथ आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बन रही है।
मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत गुदुमदेवरी निवासी प्रेम कुंवर श्याम के खाते में भी 31वीं किस्त पहुंची। राशि मिलने की जानकारी मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्हें स्नेह से ‘विष्णु भैया’ कहा।
राखी और मिठाई खरीदने में मिलेगी मदद
प्रेम कुंवर ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि घरेलू और रोजमर्रा की जरूरतों में काफी मददगार है। रक्षाबंधन से पहले किस्त मिलने से अब राखी, मिठाई और परिवार के लिए जरूरी सामान खरीदने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय मिली यह राशि उनके लिए आर्थिक राहत के साथ खुशी की सौगात भी है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे घरेलू खर्च से जुड़े फैसलों में अधिक सक्षम महसूस कर रही हैं।
रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे समय में खाते में पहुंची योजना की किस्त प्रेम कुंवर जैसी महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग के साथ खुशी का कारण बनी है। उनके लिए 31वीं किस्त सिर्फ सरकारी सहायता नहीं, बल्कि ‘विष्णु भैया’ की ओर से राखी की सौगात बनकर आई है।
