ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महासमुंद में 3 मर्डर,पिता ने बेटे को मारकर कुएं में फेंका; 5 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तीन अलग-अलग हत्या के मामलों ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन घटनाओं में पारिवारिक विवाद, नशे की आदत और आपसी रंजिश जैसे कारण सामने आए हैं।

पहले मामले में एक पिता ने छोटे बेटे के साथ मिलकर बड़े बेटे की हत्या कर दी। मृतक शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। 6 मार्च की रात झगड़े के दौरान छोटे भाई ने सिलबट्टे से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पिता-पुत्र ने शव को बोरी में भरकर पत्थर बांधा और कुएं में फेंक दिया। करीब एक महीने बाद 9 अप्रैल को शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

दूसरे मामले में दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। खट्टी जंगल में मिले युवक की पहचान प्रकाश पटेल (23) के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि गाली देने से नाराज तीन दोस्तों ने उसे बहला-फुसलाकर जंगल ले जाकर कांच की बोतल और पत्थरों से हमला कर मार डाला। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तीसरी घटना सरायपाली इलाके की है, जहां पारिवारिक विवाद में 53 वर्षीय अनवर खान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विवाद उस समय हुआ जब एक महिला अपने बच्चे को लेने ससुराल पहुंची।

बहस के दौरान आरोपी ने अनवर खान पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके बेटे और बेटी भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button