
बिलासपुर. जिले में भतीजे ने अपनी विधवा चाची को सब्बल से पेट और सिर में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला खून से लथपथ होकर जमीन में गिर गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रतनपुर के करैहापारा में रहने वाली सुरेखा पाटले (30) अपने पति जगदीश पाटले की मौत के बाद रोजी-मजदूरी करती थी और तीन बच्चों के साथ रहती थी। सोमवार शाम करीब 6 बजे सुरेखा पानी भरने के लिए मोहल्ले के सार्वजनिक नल के पास गई थी। उसी समय उसका भतीजा मुकेश उर्फ चिंटू पाटले (24) सब्बल लेकर पहुंचा, और उस पर हमला कर दिया. लोगों ने इसकी सूचना महिला के परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर TI यूएन शांत कुमार साहू और उनकी टीम पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा कर उसे अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी मुकेश की तलाश में जुट गई।
तनावपूर्ण हुआ माहौल
परिजनों का आरोप है कि पुलिस इतनी तत्परता पहले दिखाती तो उनकी बहू की हत्या नहीं होती। पुलिस देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर थाने पहुंची तो परिजनों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी धक्कामुक्की हुई।पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए लाठियां लहराई, तो उन्होंने पथराव कर दिया। इसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।