राजस्थान के फतेहपुर में -3.4°C पारा, गाड़ियों पर जमी बर्फ: उत्तराखंड में -22°C तापमान, 5 जिलों में नदी-झरने जमे

दिल्ली। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने पूरे उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड की चपेट में ले लिया है। शनिवार को राजस्थान, उत्तराखंड और दिल्ली सहित कई राज्यों में इस सीजन की सबसे ज्यादा सर्दी रिकॉर्ड की गई।
राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह गाड़ियों, छतों और खुले स्थानों पर बर्फ की हल्की परत जम गई। माउंट आबू हिल स्टेशन पर भी तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
उत्तराखंड में हालात और ज्यादा गंभीर हैं। पिथौरागढ़ के आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में नदी, नाले और झरने जम गए हैं। ऋषि गंगा नदी का पानी पूरी तरह बर्फ में तब्दील हो गया है, वहीं कई इलाकों में पानी की पाइपलाइन भी जम गई है।
जम्मू-कश्मीर में भी शीतलहर का असर जारी है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री, शोपियां में माइनस 8.2 डिग्री और पहलगाम में माइनस 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। डल झील सहित कई जलाशयों में पानी जमने लगा है।
दिल्ली में शनिवार सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को राजधानी में भीषण शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। होशियारपुर में 1.1 डिग्री, अमृतसर में 1.3 डिग्री और हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मैदानी राज्यों में हल्की बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।





