शिवाजी जयंती पर पुणे के शिवनेरी किले में भगदड़, 20 घायल

पुणे। महाराष्ट्र के शिवनेरी किला में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर बुधवार रात भगदड़ मचने से 20 लोग घायल हो गए।
यह घटना जुन्नर इलाके में हुई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु किले में प्रवेश कर रहे थे। हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा से लोग अंदर जा रहे थे, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण भीड़ जमा हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी घायलों को जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शिवनेरी किले में शिवाजी जयंती पर हर साल बड़ी संख्या में लोग आते हैं, जिससे प्रवेश द्वारों पर भीड़ लग जाती है। भगदड़ की तस्वीरों में देखा गया कि कई मीटर तक लोग एक साथ खड़े थे, जिससे अंदर जाने में काफी परेशानी हुई।
शिवनेरी किला पुणे जिले के जुन्नर शहर के पास स्थित एक ऐतिहासिक किला है, जो विश्व धरोहर (World Heritage Site) में शामिल है।
यह किला विशेष रूप से इसलिए प्रसिद्ध है क्योंकि यहीं 19 फरवरी 1630 को छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म हुआ था। किले में शिवाई देवी का मंदिर भी है, जिनके नाम पर शिवाजी महाराज का नाम रखा गया।
किले तक पहुँचने के लिए सीढ़ियों से जाना पड़ता है। किले में सात प्रमुख दरवाजे हैं, जिनमें हर दरवाजे का अलग महत्व और नाम है। किले के अंदर पानी के तालाब, सैनिकों के रहने की जगह और शिवाजी महाराज का जन्मस्थान आज भी देखा जा सकता है।
महाराष्ट्र पर्यटन विभाग ने कहा है कि भगदड़ जैसी घटनाओं से बचने के लिए किले में सुरक्षा और प्रवेश प्रबंधन को और सख्त किया जाएगा। आने वाले वर्षों में जयंती के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) लागू करने की योजना बनाई जा रही है।





