ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आरंग महोत्सव 2026 समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026 समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें महोत्सव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।

समिति के सदस्यों ने महोत्सव की रूपरेखा, उद्देश्यों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण के लिए समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं और समाज में आपसी समरसता को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव जैसे कार्यक्रम स्थानीय कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, जिससे नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर समिति की ओर से के.के. भारद्वाज, डॉ. संदीप जैन, नरेंद्र लोधी, श्री गोविंद वर्मा, पुष्कर साहू, संतोष लोधी, अशोक चंद्राकर, देवनाथ साहु, राकेश सोनकर, हीरामन कोसले, विक्रम परमार, चंद्रशेखर साहू, गणेश राम साहू और दूजे राम धीवर उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button