ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

“वंदे मातरम्” के 150 वर्ष: 7 नवम्बर से शुरू होगा राष्ट्रगौरव और जनभागीदारी का वर्षभर चलने वाला उत्सव

रायपुर। भारत माता की जयघोष “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में एक वर्ष तक चलने वाला राष्ट्रगौरव महोत्सव 7 नवम्बर से आरंभ होगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह अभियान ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक चार चरणों में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वंदे मातरम् की गूंज नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और गर्व की भावना जगाएगी।

इस ऐतिहासिक अभियान का शुभारंभ 7 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के साथ होगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर प्रसारित होगा, जिसके बाद पूरे देश में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। गीत के बोल और धुन पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध हैं।

पूरे वर्ष चार चरणों में यह आयोजन चलेगा

7 से 14 नवम्बर 2025, 19 से 26 जनवरी 2026, 7 से 15 अगस्त 2026 और 1 से 7 नवम्बर 2026 तक। इस दौरान प्रदेश के हर जिले, ग्राम पंचायत, विद्यालय और सामाजिक संस्थान में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएँ होंगी।

राज्य के प्रत्येक जिले में मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि कार्यक्रमों में भाग लेंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण और “वंदे मातरम्” पर विशेष सभाएँ होंगी। एनसीसी, एनएसएस और पुलिस बैंड देशभक्ति की धुनों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगेंगे।

राज्यभर में “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी आवाज़ में गीत गाकर पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव केवल एक स्मरण नहीं, बल्कि भारत की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है।

Related Articles

Back to top button