StateNewsदेश - विदेश

देश में 15 प्रतिशत ज्यादा बारिश: कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और अलर्ट जारी

दिल्ली। देशभर में इस समय मानसून पूरे जोर पर है और अब तक औसतन 254 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 15 प्रतिशत ज्यादा है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में बाढ़, लैंडस्लाइड और जलभराव जैसी परेशानियां देखने को मिल रही हैं। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक पुल के टूटने से कार बह गई, जिसमें पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई।

बालाघाट, मंडला, सिवनी, कटनी जैसे जिलों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गया है और देहरादून के कई इलाकों में पानी घरों में घुस गया है। चमोली जिले में बादल फटने की सूचना है। वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा सहित कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद और कांकेर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

बनारस में घाट डूबे

वाराणसी और प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में 13 सड़कें बंद करनी पड़ी हैं और गोसीखुर्द बांध के सभी 33 गेट खोल दिए गए हैं। बागेश्वर धाम (म.प्र.) में बारिश से धर्मशाला की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

राजस्थान में टूटा रिकॉर्ड

राजस्थान में इस बार 128% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है, जिससे कई जगह सड़कों और इमारतों को नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ा है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देश के 32 राज्यों में बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की यह स्थिति आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकती है।

Related Articles

Back to top button