ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर सहित प्रदेश में बनेगी 15 फोरलेन सड़के,708 करोड़ स्वीकृत

रायपुर। प्रदेश में बेहतर यातायात व्यवस्था और मजबूत अधोसंरचना के लिए लोक निर्माण विभाग ने 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण हेतु 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंजूर इस राशि से विभिन्न जिलों में कुल 90.5 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी घटेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि फोरलेन सड़कों का विस्तार सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार तैयार करेगा। इससे कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।

दुर्ग जिले में चार महत्वपूर्ण सड़कों के लिए करोड़ों रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें स्मृति नगर से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी और मिनी माता चौक से ठगड़ा बांध तक मार्ग शामिल हैं। रायगढ़ जिले में ढिमरापुर चौक से कोतरा चौक, रायगढ़-नंदेली मार्ग तथा तमनार बायपास जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए बड़ी राशि मंजूर की गई है।

रायपुर जिले में अभनपुर एनएच-30 और राजिम क्षेत्र में भी फोरलेन सड़कों का निर्माण होगा। वहीं अंबिकापुर, बिलासपुर और कबीरधाम जिलों में भी सड़क चौड़ीकरण और बायपास निर्माण के कार्य किए जाएंगे। जशपुर जिले में तीन सड़कों के उन्नयन के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सड़क सुरक्षा में सुधार और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button