उत्तराखंड में बर्फबारी से 136 पर्वतारोही फंसे, यूपी में पुल डूबे; बिहार के 23 गांवों में बाढ़

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार बारिश और बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंस गए हैं।

वहीं, लैंडस्लाइड के कारण आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद हैं। प्रशासन की ओर से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। चमोली में 21, नैनीताल में 18 और पिथौरागढ़ में 15 सड़कें बंद हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब होने से राहत और बचाव कार्य में भी चुनौती आ रही है।

यूपी में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर प्रदेश में चार दिन से जारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। राज्य में आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कुशीनगर के दो गांवों में करीब 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंधी-बारिश से पिछले दो दिनों में 63 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

बिहार के 23 गांव बाढ़ की चपेट में

नेपाल से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल में बाढ़ की स्थिति बनी है। दोनों जिलों के 23 गांव प्रभावित हुए हैं। करीब 82 हजार लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है।

एमपी-छत्तीसगढ़ में भी बारिश

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी दिखाई दे रहा है, जहां कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है।

↑
Exit mobile version