ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CSMCL ओवरटाइम घोटाले में अनवर ढेबर समेत 12 आरोपी: 182.98 करोड़ की गड़बड़ी पर पहली चार्जशीट पेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाला मामले में ACB-EOW ने सोमवार को पहली चार्जशीट पेश कर दी। इस मामले में कारोबारी अनवर ढेबर समेत 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी ने विशेष न्यायालय में चालान पेश करते हुए करोड़ों रुपए की वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा किया है।

चार्जशीट में नवीन प्रताप सिंह तोमर, तिजऊराम निर्मलकर, अभिषेक सिंह, नीरज कुमार चौधरी, अजय लोहिया, अजीत नरबले, अमित प्रभाकर सालुंके, अमित मित्तल, एन. उदय राव, राजीव द्विवेदी और संजीव जैन के नाम भी शामिल हैं। वहीं पहले से गिरफ्तार 8 आरोपियों को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ACB-EOW की जांच के मुताबिक वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के नाम पर ओवरटाइम, बोनस, अतिरिक्त कार्यदिवस और सर्विस चार्ज के रूप में करीब 182.98 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलने वाली राशि फर्जी बिल, बढ़े हुए भुगतान और कथित कमीशन सिस्टम के जरिए अधिकारियों, सिंडिकेट और संबंधित कंपनियों तक पहुंचाई गई।

जांच में सुमित फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, ए-टू-जेड इंफ्रासर्विसेज, अलर्ट कमांडोज और ईगल हंटर सॉल्यूशंस जैसी मैनपावर कंपनियों की भूमिका भी सामने आई है। इनमें ओवरटाइम के नाम पर 101.20 करोड़, बोनस में 12.21 करोड़, अतिरिक्त कार्यदिवस भुगतान में 54.46 करोड़ और सर्विस चार्ज के रूप में 15.11 करोड़ रुपए दिए गए।

29 नवंबर 2023 को 28.80 लाख रुपए नकद बरामद होने के बाद मामले की जांच तेज हुई थी। ED की रिपोर्ट के आधार पर ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया। EOW का कहना है कि अवैध रकम के निवेश और पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है।

Related Articles

Back to top button