अलवर-फतेहपुर में 10.4°C, MP के 25 जिलों में बारिश, हरियाणा में ओले; केदारनाथ में बर्फबारी

दिल्ली। देश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से कई राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी देखने को मिली।
राजस्थान में बीते दो दिनों से बारिश जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अलवर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे और न्यूनतम 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के 25 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। उज्जैन, मंदसौर, श्योपुर सहित कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। श्योपुर में 63 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के करीब 80 शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 23 और 24 फरवरी को फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा के भिवानी और रेवाड़ी में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट आई। राज्य के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर और एमपी से सटे इलाकों में भी यलो अलर्ट है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ गिरी है। बर्फबारी के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।





