छत्तीसगढ़ के 1.41 लाख किसानों को 152.84 करोड़ की फसल बीमा राशि

रायपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सोमवार को छत्तीसगढ़ के 1 लाख 41 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 152 करोड़ 84 लाख की बीमा दावा राशि सीधे हस्तांतरित की गई। यह राशि फसल हानि की भरपाई करने के साथ किसानों को आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और संकल्प से यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में स्थापित हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज देशभर में 30 लाख से अधिक किसानों को कुल 3,200 करोड़ से ज्यादा की बीमा राशि का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अन्नदाताओं की सुरक्षा और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से किसानों के हित में समय पर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की योजनाएं न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेंगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेंगी।
उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के किसान आर्थिक रूप से सशक्त होकर खेती-किसानी में नई ऊंचाइयों को छू सकें।