StateNews

वॉटर पार्क में बड़ा हादसा; रोलर कोस्टर से गिरी लड़की, मौत

दिल्ली। दिल्ली के कापसहेड़ा स्थित ‘फन एंड फूड विलेज’ वॉटर पार्क में शनिवार (5 अप्रैल) को एक बड़ा हादसा हुआ। 24 साल की प्रियंका रोलर कोस्टर राइड से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रियंका अपने मंगेतर के साथ वॉटर पार्क में गई थी और राइड के दौरान उसका संतुलन बिगड़ने से वह गिर गई। उसे गंभीर चोटें आईं, और अस्पताल में इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 289/106 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रियंका के मंगेतर के अनुसार, वह दोनों रोलर कोस्टर पर बैठे थे, तभी प्रियंका अचानक से गिर गई। प्रियंका के परिवार ने पार्क प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि प्रियंका को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी मौत हुई।

हादसे के बाद वॉटर पार्क के प्रशासन ने रोलर कोस्टर को बंद कर दिया और उस हिस्से को मरम्मत के लिए बंद कर दिया। प्रियंका के परिवार का कहना है कि प्रशासन ने अपनी गलती छुपाने के लिए यह कदम उठाया है। प्रियंका एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स मैनेजर के तौर पर काम कर रही थी।

Related Articles

Back to top button