StateNews

राजधानी में इत्र व्यापारी पर फायरिंग, लूटपाट की आशंका, हालत गंभीर

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन किसी न किसी व्यापारी पर हमले की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला तिलक नगर मार्ग का है, जहां भैरो मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने एक इत्र व्यापारी पर गोली चला दी। ये घटना शुक्रवार रात लगभग 10.30 बजे की है।

जानकारी के मुताबिक, घायल व्यापारी का नाम राजेंद्र है, जो नोएडा के रहने वाले हैं। वे चांदनी चौक में इत्र की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को वे अपने काम से लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में भी उन्होंने हिम्मत दिखाई और अपने साथी व्यापारी को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर उनका सहयोगी मौके पर पहुंचा और तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गया। फिलहाल राजेंद्र का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में यह लूटपाट की नीयत से हमला बताया जा रहा है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग में भी चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button