StateNews

पूर्वोत्तर में भारी बारिश से तबाही, 34 की मौत; असम में 3.6 लाख लोग प्रभावित

दिल्ली। देश के पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी है। असम, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में आई बाढ़ और भूस्खलन से अब तक कम से कम 34 लोगों की जान जा चुकी है।

सबसे अधिक प्रभावित असम में 19 जिलों के 764 गांवों में बाढ़ फैली हुई है, जिससे 3.6 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। त्रिपुरा में भी 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। मणिपुर में सेना और राहत एजेंसियों ने 1,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है। सिक्किम के मंगन जिले में लाचेन और लाचुंग में एक हजार से अधिक पर्यटक पिछले चार दिनों से फंसे हुए हैं, जिन्हें सोमवार तक रेस्क्यू करने की उम्मीद है।

इधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। राजस्थान के 30 और एमपी के 50 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। बिहार के वैशाली में आंधी और बारिश के कारण एक मकान ढहने से एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। बिहार के 9 जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, तो कहीं तेज गर्मी अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम के आसार जताए हैं।

Related Articles

Back to top button