StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

रायपुर में युवक की हत्या: ढाबा में भोजन के दौरान कुत्ते को खाने देने के विवाद पर दो आरोपी हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार- मंगलवार की रात मामूली विवाद पर युवक की हत्या हो गई। यह घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के एक ढाबा में हुई, जहाँ भोजन के दौरान कुत्ते को खाना देने को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान युवक शिव प्रसाद ध्रुव की जान चली गई।

मृतक शिव प्रासद ध्रुव अनूपपुर का निवासी था। घटना के अनुसार ढाबा में मौजूद कुक और उसके साथियों ने शिव से बहस की और फिर हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान शिव के सीने पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुक और उसके साथियों में से दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पूरे कारण और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद का मुख्य कारण कुत्ते को भोजन देने को लेकर हुआ झगड़ा था, जो धीरे-धीरे हाथापाई और हत्या तक बढ़ गया। घटना ने ढाबा में मौजूद अन्य ग्राहकों और स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश फैला दिया है।

धरसींवा थाना क्षेत्र की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। जांच में CCTV फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों के बयान शामिल किए जा रहे हैं। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button