छत्तीसगढ़ में बारिश का यलो अलर्ट, गर्मी से मिल सकती है राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आज प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन और बस्तर संभाग में अगले 5 दिन तक गरज-चमक वाला मौसम बना रहेगा। हालांकि, तापमान में अभी ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद दिन का तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। रविवार को बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पारा 39.6 डिग्री और रात का तापमान 23.4 डिग्री रहा।

रायपुर में हल्की बारिश के आसार हैं। आज यहां दिन का तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रहेगा। दिनभर धूप-छांव वाला मौसम रह सकता है और कुछ जगहों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। रविवार को दोपहर तक तेज गर्मी रही, लेकिन शाम 5 बजे के बाद मौसम में बदलाव आया और बादल छा गए, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। बस्तर संभाग में अगले पांच दिन मौसम बदला रहेगा। रविवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, ट्रफ लाइन और अन्य मौसमीय सिस्टम की वजह से यह बदलाव आया है।

Exit mobile version