रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देशों का असर अब दिखने लगा है। उन्होंने नगरीय निकायों के आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को रोज सुबह सवेरे भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव के निर्देशों के बाद से साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास और जल प्रदाय योजनाओं में तेजी आई है। नगर निगमों और नगर पालिकाओं के अधिकारी अब रोज सुबह अपने मातहतों के साथ वार्डों का भ्रमण कर इन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इससे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग, कंपोस्ट शेड्स और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में सुधार हुआ है।
फील्ड विजिट्स और निगरानी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी बेहतर हो रही है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अधिकारियों से कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-हितैषी बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचे और सभी कार्य समय-सीमा में पूरे हों। इस पहल से नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है।