गुवाहाटी। असम के कछार जिले के सिलचर शहर के पास एक 28 साल की महिला का उसके बॉयफ्रेंड के सामने 7 लोगों ने गैंगरेप किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में शिकायत 19 फरवरी को दर्ज कराई गई थी। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि रेप के बाद एक आरोपी ने महिला से 10 हजार रुपए उसके खाते में ट्रांसफर कराए। पीड़ित के घरवालों ने कहा कि वह सिलचर शहर से कुछ किलोमीटर दूर बाईपास रोड पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ कार में थी, तभी एक SUV में कुछ लोग आए और उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने पहले कपल से उनके ठिकाने के बारे में पूछा और फिर अचानक महिला और उसके दोस्त को पकड़ लिया। वहां करीब 7 आदमी थे, और उन्होंने उसके दोस्त के सामने एक-एक करके उसका रेप किया। मीडिया रिपोटर्स के मुताबिक पुलिस शुरू में इस मामले पर चुप थी, लेकिन मंगलवार को सिलचर के एक पत्रकार पर एक आरोपी के परिवार वालों ने हमला कर दिया। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दो की पहचान हुई, 5 अभी भी फरार
पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने दो लोगों की पहचान की, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में बाकी लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सिलचर सदर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (5) (जान से मारने की धमकी देकर वसूली), 310 (2) (डकैती), 351(2) (आपराधिक धमकी), 61(2) (दो या उससे ज़्यादा लोगों का गैर-कानूनी काम, 70(1) (गैंग रेप) एवं अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
आरोपी के परिवार ने पत्रकार को रोका, मारपीट की
पत्रकार ने दावा किया कि आरोपी के घरवालों ने उसे नेशनल हाईवे रोड पुलिस स्टेशन के पास रोका। उससे पूछा कि उसने घटना की रिपोर्ट क्यों की और फिर उसे पीटा। पत्रकार के मुताबिक वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया।
उसने इस बारे में शिकायत भी दर्ज कराई और पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर गलत जानकारी न फैलाने की अपील की और जानकारी शेयर की।
