पति, सौतन, देवर और देवरानी गिरफ्तार; जादू-टोना के शक में वारदात
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बच्चा नहीं होने और जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति, उसकी दूसरी पत्नी, देवर और देवरानी ने मिलकर महिला के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी का डंडा डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा का है। जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 को गोईदी बाई नाम की महिला अपने घर में संदिग्ध हालत में मृत पाई गई। मृतका के भाई सहलू राम ने सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल पर खून के निशान और महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस को हत्या का शक हुआ और परिवार के लोगों से कड़ाई से पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आया कि मृतका के पति ठूपन राम ने दूसरी शादी फुला बाई से की थी। गोईदी बाई और उसकी सौतन के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वहीं देवर सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई को शक था कि गोईदी बाई जादू-टोना करती है, जिसके कारण उनके घर में बच्चा नहीं हो रहा और परिवार में बीमारी फैल रही है।
पुलिस के मुताबिक 5 मार्च को ठूपन राम अपनी पत्नी गोईदी बाई को बहाने से खेत के पास स्थित झोपड़ी में ले गया, जहां पहले से फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई मौजूद थे। सभी ने शराब पी और इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि सुनील राम ने महिला को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पति और सौतन ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और सुनील राम व सुरन्ती बाई ने लकड़ी का डंडा प्राइवेट पार्ट में डाल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कंबल से ढककर छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
