रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के बीटीआई मैदान में Confederation of All India Traders (कैट) द्वारा आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि के साथ-साथ व्यापार और उद्योग के लिए अनुकूल माहौल बना है, जिससे निवेश के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया है। पहले वर्ष का थीम “ज्ञान”, दूसरे वर्ष “गति” और इस वर्ष “संकल्प” रखा गया है।
यह बजट नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” की भावना पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है। नक्सलवाद के कारण वर्षों तक बाधित विकास अब गति पकड़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दो वर्षों में अनेक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
सरकार ने अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी, कृषि प्रोत्साहन और वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए प्रावधान किए हैं। राज्य का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य है। राज्य का जीएसडीपी दोगुना करने और 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने की दिशा में कार्य हो रहा है।
नई उद्योग नीति के तहत 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने व्यापारियों को राज्य के विकास का महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
