दिल्ली। देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी और मौसम की परेशानियां जारी हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी राज्यों में तेज बर्फबारी हो रही है। सोनमर्ग टनल के पास जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं हिमाचल के लाहौल स्पीति में तापमान -10°C तक गिर सकता है।
मैदानी राज्यों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश के शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 1.7°C दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के मैनपाट में रात का तापमान 2°C पहुंचा, जबकि अंबिकापुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ओस जम गई। राज्य के चारों संभाग कोल्ड वेव की चपेट में हैं। राजस्थान में भी 2 दिन बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में बुधवार की सुबह घनी धुंध रही, जिससे विजिबिलिटी कई इलाकों में शून्य तक पहुंच गई। IGI एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की लैंडिंग प्रभावित हुई। एयरपोर्ट ने यात्रियों को CAT III प्रोटोकॉल के तहत एडवाइजरी जारी की, जिसमें देरी और कैंसिलेशन की संभावना बताई गई। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें भी देर से चल रही हैं।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर 6 फ्लाइट्स रद्द हुईं, जिनमें इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट की उड़ानें शामिल थीं। असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में सर्दी और खराब मौसम के कारण सभी सरकारी और प्रोविंसिलाइज्ड स्कूलों को 6 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट जारी है। पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। 2 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी राज्यों में घने कोहरे का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में कोल्ड वेव, छत्तीसगढ़ में ओस और न्यूनतम तापमान, हिमाचल में बर्फबारी और हरियाणा-पंजाब में घना कोहरा और कोल्ड वेव की चेतावनी जारी है। मौसम का यह असर अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
