BJP नेता के बेटे संग भागी पत्नी, किसान ने लगाई फांसी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अवैध संबंध से परेशान एक किसान ने बदनामी के डर से पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलपान का है। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में पत्नी और भाजपा नेता के बेटे का जिक्र मिला है।

क्या है मामला
मृतक किसान की पहचान देवलाल मरकाम (52) के रूप में हुई है। उसका आरोप था कि उसकी पत्नी के संबंध छोटे लाल कौशिक के बेटे दद्दू कौशिक से हैं, जो गांव में किराना दुकान चलाता है। कई बार देवलाल ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। इसे लेकर सामाजिक बैठक भी हुई, लेकिन रिश्ते खत्म नहीं हुए। अगस्त 2025 में दद्दू महिला को भगा ले गया।

बदनामी में दी जान
घटना के एक महीने बाद 24 सितंबर को देवलाल ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव उतारा। तलाशी के दौरान जेब से मिले सुसाइड नोट में पत्नी के अवैध संबंध और बदनामी का जिक्र था।

परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप
परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे को बचाने की कोशिश कर रही है। वे सुसाइड नोट को आधार बनाकर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

शुक्रवार को मृतक के परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और कार्रवाई की गुहार लगाई। एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि मृतक ने सुसाइड नोट में संबंधों का जिक्र किया है। तखतपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version