वक्फ संशोधन कानून मुस्लिम समाज के हित में: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वक्फ संशोधन कानून मुस्लिम समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके हित में है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस कानून को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम न फैलाएं। मुख्यमंत्री अपने निवास कार्यालय में आयोजित वक्फ सुधार जनजागरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वक्फ बोर्ड का गठन मुस्लिम समाज, विशेषकर गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों की मदद के लिए किया गया था। लेकिन बीते वर्षों में कुछ प्रभावशाली लोगों ने इसका दुरुपयोग किया और गरीब मुसलमानों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया। अब नया कानून इस स्थिति को सुधारने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘विकसित भारत’ का जो सपना देखा गया है, उसमें हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। कोई भी वर्ग पीछे न छूटे, यह सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि वक्फ कानून में बदलाव का उद्देश्य मुस्लिम समाज को और सशक्त बनाना है। अब वक्फ संपत्तियों से मिलने वाली आमदनी का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा और यह पैसा समाज की भलाई, शिक्षा और विकास में लगेगा। इस कार्यक्रम में विधायक किरण देव, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, वक्फ बोर्ड के सीईओ डॉ. एस. एफ. फारूकी और कई मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Exit mobile version