कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट में गुरुवार को भारी बवाल हो गया। करीब 700–800 ग्रामीणों की भीड़ लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ प्लांट परिसर में घुस गई और ऑफिस, वाहनों तथा मशीनरी में जमकर तोड़फोड़ की। कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हमले में 10 से 20 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट (वेस्ट) उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रशासन और प्रबंधन से शिकायत कर रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव कर दिया और देर रात तक वहां डटे रहे।
हमले के दौरान प्लांट में मौजूद एक ट्रक ड्राइवर ने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। शुक्रवार सुबह भी ग्रामीणों ने दोबारा परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और प्लांट के बाहर भारी सुरक्षा तैनात है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कुछ ग्रामीण दूर से पुलिस बल पर गुलेल से पत्थर फेंकते रहे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रदूषण संबंधी आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
