उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य को बताया कारण

संसद सत्र के बीच पद छोड़ने वाले पहले उपराष्ट्रपति बने

दिल्ली। भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 74 वर्षीय धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।

धनखड़ ने अपने त्यागपत्र में लिखा, “सेहत को प्राथमिकता देने और डॉक्टर की सलाह मानने के लिए मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के तहत पद छोड़ रहा हूं।” उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद और सांसदों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस्तीफा राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद प्रभावी होगा।

धनखड़ ने 11 अगस्त 2022 को उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। चुनाव में उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराकर जीत हासिल की थी। उन्हें 528 वोट मिले थे, जबकि अल्वा को 182 वोट।

संसद सत्र के बीच इस्तीफा देने वाले पहले उपराष्ट्रपति

वर्तमान में संसद का मानसून सत्र चल रहा है। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं। ऐसे में संसद सत्र के बीच इस्तीफा देने वाले वे पहले उपराष्ट्रपति बने हैं। साथ ही वह कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देने वाले तीसरे उपराष्ट्रपति हैं।

धनखड़ ने अपने कार्यकाल को भारत की तेज़ आर्थिक प्रगति और लोकतंत्र की सेवा का गौरवपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि भारत के उज्ज्वल भविष्य और उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है। अब देश को नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया का इंतजार है।

Exit mobile version