रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने राज्य के 37 विभूतियों और 4 संस्थाओं को 34 विभिन्न राज्य अलंकरणों से सम्मानित किया।
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका अध्यक्ष के रूप में उपस्थित थे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार कांकेर के हिरेश सिन्हा को प्रदान किया गया। इसके अलावा यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ (जांजगीर-चांपा), गुंडाधूर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव (राजनांदगांव) और मिनीमाता सम्मान श्रीमती ललेश्वरी साहू (दुर्ग) को मिला। गुरुघासीदास सम्मान संयुक्त रूप से श्री भुवनदास जांगड़े (बेमेतरा) और शशि गायकवाड़ (बलौदाबाजार) को दिया गया।
कला, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हबीब तनवीर सम्मान डॉ. कुंज बिहारी शर्मा (रायपुर), चक्रधर सम्मान पंडित कीर्ति माधव लाल व्यास (दुर्ग) और चंदूलाल चंद्राकर पत्रकारिता पुरस्कार डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. सोमेश पटेल और अभिषेक शुक्ला को दिया गया।
इसी तरह डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार, महाराजा अग्रसेन सम्मान, दानवीर भामाशाह सम्मान, डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान, किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण और पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान जैसी श्रेणियों में भी कई विभूतियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में उप राष्ट्रपति ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और समाजसेवा की परंपरा देश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को राज्य की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
