जामनगर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पुत्र डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर गुरुवार को गुजरात के जामनगर स्थित विश्व के सबसे बड़े वन्यजीव संरक्षण केंद्र वनतारा पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, वे अंबानी परिवार के विशेष निमंत्रण पर भारत आए थे। वनतारा में उनका स्वागत रिलायंस इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर अनंत अंबानी ने किया, जिन्होंने उन्हें पूरे संरक्षण केंद्र का विस्तृत दौरा कराया।
डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने यहां वन्यजीवों के बचाव, उपचार और पुनर्वास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी ली। दौरे के दौरान उन्होंने पशुओं के संवर्धन और वैश्विक संरक्षण प्रयासों से संबंधित पहलुओं पर भी चर्चा की। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान उन्होंने जामनगर के आसपास स्थित कुछ प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन किए।
इससे पहले दिन में ट्रम्प जूनियर ने यूपी के आगरा में ताजमहल का भी भ्रमण किया था, जिसके बाद वे जामनगर पहुंचे।
वनतारा, रिलायंस फाउंडेशन द्वारा संचालित 3500 एकड़ में फैला विशाल संरक्षण केंद्र है, जिसका प्रबंधन अनंत अंबानी करते हैं। यह दुनिया का सबसे बड़ा वन्यजीव संरक्षण, बचाव और पुनर्वास केंद्र माना जाता है और यहां 1.5 लाख से अधिक वन्यजीवों की देखभाल की जाती है। ट्रम्प जूनियर की यह यात्रा भारत में वन्यजीव संरक्षण परियोजनाओं के प्रति बढ़ती वैश्विक रुचि को भी दर्शाती है।
