रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। राजधानी रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने देशभर में 35वां रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वहीं, मनेंद्रगढ़ की दर्शना सिंह बघेल और धमतरी के डीएसपी डायमंड सिंह ने भी मेरिट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।
वैभवी अग्रवाल: तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
रायपुर के गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने अपने तीसरे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। वैभवी ने बताया कि पहले दो प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से आने वाली वैभवी का लक्ष्य बचपन से ही समाज सेवा करना था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतरता और परिवार के सहयोग को दिया है।
दर्शना सिंह बघेल: किसान की बेटी बनेंगी IPS
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह बघेल ने 383वीं रैंक हासिल की है। आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग करने वाली दर्शना ने दूसरे प्रयास में यह सफलता पाई। उनके पिता अरुण सिंह बघेल किसान हैं और माता सीमा सिंह पार्षद हैं। दर्शना को उनकी रैंक के अनुसार आईपीएस (IPS) कैडर मिलने की संभावना है।
डीएसपी डायमंड सिंह: ड्यूटी के साथ जारी रखी पढ़ाई
धमतरी जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डायमंड सिंह ने 623वां रैंक प्राप्त किया है। खास बात यह है कि डायमंड सिंह वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा (State Police Service) के 2024 बैच के अधिकारी हैं और डीएसपी के पद पर तैनात हैं।
ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और अब भारतीय पुलिस सेवा (IPS) का हिस्सा बनने की ओर अग्रसर हैं। इनके अलावा रायपुर के ही रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया ने भी सफलता के झंडे गाड़े हैं। मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने इन सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
