बालोद। जिले के बस स्टैंड में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-930 से जुड़े जलनिकासी सिस्टम में लापरवाही के आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बस स्टैंड क्षेत्र में बारिश के दौरान पानी भरकर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। यहां का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे बने पुल से बाहर निकलता है, लेकिन हाल ही में हाईवे अधिकारियों द्वारा पुल पर पाइप डाल दिया गया। पाइप जाम होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई और पूरा बस स्टैंड फिर से जलमग्न हो गया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने इस समस्या को लेकर कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से चर्चा की, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। रविवार सुबह भी उन्होंने अधिकारियों से बात कर समस्या दूर करने का आग्रह किया, लेकिन सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी बढ़ गई।
इसके बाद प्रतिभा चौधरी, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गईं। धरने के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुल के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन फिर से तेज किया जाएगा।
