इंक्रीमेंट विवाद पर बवाल: कर्मचारियों का हंगामा, गाड़ियां जलाईं; हालात काबू में लाने भारी पुलिस बल तैनात

नोएडा। नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में सैलरी बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार को उग्र प्रदर्शन में बदल गया। इंक्रीमेंट के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए श्रमिकों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध किया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े, लेकिन इससे भीड़ और भड़क गई। उग्र प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी और कंपनी के बाहर जमकर तोड़फोड़ की। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस आंदोलन में कई कंपनियों के कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि कंपनियां इंक्रीमेंट का वादा करती हैं, लेकिन समय आने पर वेतन नहीं बढ़ाया जाता, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी मेघा रूपम के निर्देश पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वहीं, हाल ही में हुई बैठक में श्रमिकों के हित में कई अहम फैसले लिए गए हैं। इसमें ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, समय पर वेतन और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल हैं। प्रमुख सचिव ने सभी कंपनियों को तय समय सीमा में बोनस भुगतान करने के आदेश भी दिए हैं। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version