रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित आबकारी भवन में लगी आग की घटना को लेकर आज इंडियन यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने आबकारी विभाग में संगठित भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के वेतन घोटाले के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की बात कही है।
यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विभाग में लंबे समय से कर्मचारियों के वेतन में कटौती और वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायतें मिल रही थीं। आग की घटना के बाद इन आरोपों को लेकर संदेह और गहरा हो गया है। संगठन का कहना है कि वे प्रशासन से यह स्पष्ट जवाब मांगेंगे कि वेतन कटौती किसके आदेश पर हुई और कटे हुए पैसों का उपयोग कहां किया गया।
दरअसल, बीते शनिवार देर रात आबकारी भवन की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई थी। इसी मंजिल पर आबकारी निगम का महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। आग में विभाग की कई अहम फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। जानकारी के अनुसार जिस सेक्शन में आग लगी, वहीं सोमवार से निगम के आय-व्यय से जुड़ा ऑडिट शुरू होने वाला था। शनिवार को दिनभर ऑडिट की तैयारियां चलती रहीं, लेकिन रात में कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद ही आग भड़क उठी।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत ऑडिट से जुड़े कक्ष से हुई। दमकल विभाग के पहुंचने तक रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है। यूथ कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पूरे मामले की पारदर्शी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
